राजकीय स्कूलों में पहुँची बीकाजी-निर्विकल्प की कॅरिअर काउंसलिंग वैन

बीकानेर। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को कॅरिअर के सही विकल्पों की जानकारी उपलब्ध करवाने और उनके भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन मोमासर और आड़सर के राजकीय विद्यालयों में पहुंची। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

मोमासर स्थित ईचरज देवी पटावरी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सही समय पर कॅरिअर संबंधी जानकारी मिलना विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को पहचानकर भविष्य के विकल्पों पर विचार करने का आह्वान किया। विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उन्हें भविष्य के प्रति जागरूक करने में सहायक है।

आड़सर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी कॅरिअर काउंसलिंग वैन के माध्यम से विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। दोनों विद्यालयों में कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट टीम के लोचन पारीक, मनन श्रीमाली और केशव आचार्य का विशेष अभिनंदन किया गया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *