बीकानेर। कोटगेट रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से आमजन और व्यापारियों को हो रही परेशानी के स्थायी समाधान को लेकर बीकानेर विधायक जेठानंद व्यास ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल से मुलाकात की। इस दौरान कोटगेट पर प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।विधायक व्यास ने अंडरब्रिज निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि निर्माण से पहले तकनीकी पहलुओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की समस्या सामने न आए।मुलाकात के दौरान बरसाती पानी की निकासी और डायवर्जन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने शहरी क्षेत्र से आने वाले बारिश के पानी के सुचारू बहाव के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।इसके साथ ही निर्माण कार्य के दौरान कोटगेट क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय कारोबार को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए भी प्रभावी कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया गया।विधायक जेठानंद व्यास ने इस संबंध में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक विषयों पर चर्चा की।कोटगेट रेलवे फाटक लंबे समय से बीकानेर शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। फाटक के बार-बार बंद होने से यहां जाम की स्थिति बनती है और आमजन के साथ आसपास के व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।विधायक व्यास ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करवाकर अंडरब्रिज निर्माण शुरू करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




