बीकानेर। पूनरासर गांव में 17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले श्री हनुमानजी मेले को लेकर बीकानेर पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए कैप्टन चन्दर चौधरी सर्किल (म्यूजियम सर्किल) से गुसांईसर गांव तक वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
बीकानेर से जयपुर जाने वाले दुपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग निर्धारित किया गया है। वाहन कैप्टन चन्दर चौधरी सर्किल से मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, पंचशती सर्किल, शिवबाड़ी चौराहा, शिवबाड़ी मंदिर के सामने से जोहड़-बीड़ होते हुए नापासर फांटा चौराहा, नापासर, गुसांईसर और सेरूणा मार्ग से जयपुर की ओर जा सकेंगे। वहीं जयपुर से बीकानेर आने वाले वाहन गुसांईसर से नापासर होते हुए कैमल फार्म/जोहड़-बीड़ के पास से बीकानेर में प्रवेश कर सकेंगे।
नौरंगदेसर कच्चे मार्ग पर जाने वाले सेवा वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन बीछवाल बाईपास होते हुए पेमासर फांटा से बम्बलू-नौरंगदेसर की ओर जा सकेंगे। पुलिस ने बीकानेर-जयपुर और जयपुर-बीकानेर आवागमन करने वाले वाहन चालकों से परिवर्तित मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।
मेले में पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा समिति दलों को हाईवे पर जयपुर की ओर जाने वाली बाईं साइड की सड़क से करीब 50 फीट की दूरी पर ही टेंट और सेवा पंडाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार इसका उद्देश्य पदयात्रियों के आवागमन को सुगम बनाए रखना और सड़क पर यातायात जाम की स्थिति से बचना है। श्रद्धालुओं और सेवा दलों को मेले के संचालन को लेकर राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने के लिए कहा गया है।





