एमजी रोड स्थित राजकीय नगर वाचनालय का होगा कायाकल्प, पुनरोद्धार कार्य शुरूबीकानेर। एमजी रोड स्थित राजकीय नगर वाचनालय के पुनरोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। म्यूजियम सर्किल स्थित राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय के अधीन संचालित इस वाचनालय के जीर्णोद्धार और सुविधाओं के विस्तार की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पूर्व प्रिंसिपल एवं लेखक प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी की प्रेरणा तथा बीकाजी ग्रुप के चेयरमैन दीपक अग्रवाल के आर्थिक सहयोग से यह कार्य शुरू किया गया है।पुनरोद्धार कार्य का शुभारंभ पुस्तकालय विकास समिति के सदस्य एवं कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी, प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी, वरिष्ठ पाठक मोतीलाल बोदानी, मंडल पुस्तकालयाध्यक्ष विमल कुमार शर्मा और मदन चलवां की उपस्थिति में हुआ।इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. बिनानी ने कहा कि वाचनालय के जीर्णोद्धार से पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को शहर के मध्य बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी ने बताया कि वर्ष 1945 से संचालित नगर वाचनालय शहर की शैक्षणिक एवं साहित्यिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। इसके पुनरोद्धार से यहां नियमित अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों और पाठकों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण मिलेगा।मंडल पुस्तकालयाध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने बताया कि पुनरोद्धार के तहत वाचनालय के आधारभूत ढांचे, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही समाचार-पत्रों एवं पत्र-पत्रिकाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।





